कलेक्टर संजय कन्नौजे ने बिलाईगढ़ के मणिकंचन केंद्र का किया निरीक्षण; महिलाओं के ‘वूमेन फॉर ट्री’ अभियान को सराहा

बिलाईगढ़ | 8 जनवरी 2026 आज जिला कलेक्टर श्री संजय कन्नौजे ने अपनी जिला स्तरीय टीम और डिप्टी कलेक्टर सुश्री शिक्षा शर्मा के साथ नगर पंचायत बिलाईगढ़ का सघन दौरा कर विकास कार्यों और प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान कलेक्टर ने नगर में चल रही एस.ए.आर. (SAR) की कार्यवाही की समीक्षा की और अधिकारियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पूरी पारदर्शिता के साथ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर में जारी विभिन्न निर्माण कार्यों की गुणवत्ता देख उप अभियंता श्री रोहित रंजन सिंह को समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने हेतु निर्देशित किया।
भ्रमण के दौरान कलेक्टर विशेष रूप से मणिकंचन केंद्र पहुँचे, जहाँ उन्होंने कचरा प्रबंधन और केंद्र की व्यवस्थाओं का सूक्ष्म निरीक्षण किया। यहाँ ‘वूमेन फॉर ट्री’ अभियान के अंतर्गत महिलाओं द्वारा किए गए वृक्षारोपण और उनके समर्पण की कलेक्टर ने मुक्त कंठ से प्रशंसा की। उन्होंने उपस्थित महिलाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महिलाओं का यह कदम समाज के लिए एक बड़ी प्रेरणा है। उन्होंने सभी के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए अच्छे कार्यों के लिए प्रोत्साहित किया।
इस महत्वपूर्ण निरीक्षण और कार्यक्रम के दौरान मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री सुशील कुमार चौधरी, नगर पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती अनूप टीकाराम जायसवाल, जिला संयोजक सहकारिता प्रकोष्ठ श्री टीकाराम जायसवाल, भाजपा मंडल अध्यक्ष सुश्री राधा राकेश सहित जिला प्रशासन के अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कलेक्टर ने अंत में नगर पंचायत की पूरी टीम को सक्रियता से कार्य करने के लिए बधाई दी।
